Uncategorizedदेश

रोहित शर्मा की फिटनेस पर संशय, अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर रहने की संभावना

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा का अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में खेलना फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है। आईपीएल 2026 के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया है कि रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या दोनों की उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।

जानकारी के अनुसार टीम में शामिल होने से पहले दोनों खिलाड़ियों को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। हालांकि रोहित शर्मा अभी तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस नहीं पहुंचे हैं, जिससे उनके सीरीज में भाग लेने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि यदि वह समय पर फिटनेस हासिल नहीं कर पाते हैं तो उन्हें टीम से बाहर रखा जा सकता है।

आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था। उन्होंने नौ मैचों में 35.37 की औसत और 157.62 के स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले और उनका सर्वोच्च स्कोर 84 रन रहा। हालांकि अब 39 वर्षीय रोहित केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। टी-20 विश्व कप 2024 में भारत को चैंपियन बनाने के बाद उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जबकि पिछले वर्ष टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह चुके हैं।

वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा का आखिरी बड़ा अभियान आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 रहा, जहां उनकी कप्तानी में भारत ने खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 76 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। पिछले वर्ष उन्होंने 14 वनडे मैचों में 650 रन बनाकर टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में स्थान हासिल किया था।

दूसरी ओर, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी चोट के कारण अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक कोहली हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए उन्हें असहज देखा गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी।

रोहित शर्मा और विराट कोहली की संभावित अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। ऐसे में चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की नजर युवा खिलाड़ियों पर रहेगी, जिन्हें आगामी वनडे सीरीज में खुद को साबित करने का मौका मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button