देवरिया मनरेगा श्रमिकों के पंजीकरण व नवीनीकरण हेतु ब्लॉकवार कैंप शुरू

वशिष्ठ मौर्या/बालजी हिन्दी दैनिक
मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत आने वाले मनरेगा श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए जनपद के सभी ब्लॉकों में ब्लॉकवार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया है कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी मनरेगा श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना है, ताकि वे भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही जो श्रमिक पहले से पंजीकृत हैं, उन्हें नवीनीकरण हेतु प्रेरित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक ब्लॉकवार कैंप लगाए जा रहे हैं, जिनमें सहज जन सेवा केंद्र के ऑपरेटर अपने डिवाइस के साथ उपस्थित रहकर मौके पर ही श्रमिकों का पंजीकरण करेंगे।
पंजीकरण हेतु ब्लॉकवार कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
1 नवंबर को सदर, 3 एवं 4 को भलुअनी, 6 एवं 7 को गौरी बाजार, 10 एवं 11 को बैतालपुर, 12 एवं 13 को रामपुर कारखाना, 14 एवं 15 को भटनी, 17 एवं 18 को तरकुलवा, 19 एवं 20 को बरहज, 21 एवं 22 को सलेमपुर, 25 एवं 26 को भाटपाररानी, 27 एवं 28 को बनकटा, 29 नवंबर एवं 1 दिसंबर को रुद्रपुर, 2 एवं 3 दिसंबर को देसही देवरिया, 4 एवं 5 दिसंबर को भागलपुर, 6 एवं 7 दिसंबर को पथरदेवा, तथा 10 एवं 11 दिसंबर को लार ब्लॉक में कैंप आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं श्रम एवं रोजगार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने-अपने ब्लॉकों में पहुंचकर प्रचार-प्रसार एवं पंजीकरण कार्य सुनिश्चित करें।
पंजीकरण के लिए श्रमिकों को अपने स्वप्रमाणित आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, राशन कार्ड, तथा विगत एक वर्ष में कम से कम 90 दिन कार्य करने का प्रमाणपत्र या घोषणा पत्र साथ लाना होगा। ओटीपी सत्यापन के लिए मोबाइल नंबर अनिवार्य रहेगा। पंजीकरण शुल्क एक वर्ष के लिए ₹40, दो वर्ष के लिए ₹60, और तीन वर्ष के लिए ₹80 निर्धारित किया गया है।





