
अम्बाला: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि विश्व में रक्तदान सब दानों में सबसे बड़ा महादान है और इसका कोई मुकाबला नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा दुनिया के जितने भी दान हैं, दानवीरों की सूची देंखे जिन्होंने महल दान किए, जमीनें दान की और अन्य दान दिए, मगर रक्तदान उन सबसे ऊपर है। उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अच्छी डाइट के लिए 1100-1100 रुपए अपने स्वैच्छिक कोष से देने की घोषणा की।
विज आज स्वतंत्रता सैनानी अमर शहीद लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्य तिथि के अवसर पर पंजाब केसरी समूह द्वारा जीएमएन कालेज अम्बाला छावनी में आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्यतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर प्रोत्साहित किया।

