
गुरुग्राम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में करीब 5 घंटे तक मैराथन समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले के अलग-अलग विभागों के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, पर्यावरण और शहर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
जमीनी स्तर पर खुद जानकारी लेता हूं-सीएमः मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केवल अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि खुद जमीनी स्तर की स्थिति की जानकारी लेते हैं. उन्होंने कहा कि “कई बार वह बिना अपना परिचय दिए आम लोगों से बातचीत कर समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हैं, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.”
‘प्रशासन, नागरिकों के प्रति जवाबदेही जरूरी’: सीएम ने कहा कि “गुरुग्राम अब एक ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित हो चुका है. ऐसे में यहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक के प्रति सरकार और प्रशासन की जवाबदेही है. विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा.”
गुरुग्राम के विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रशासन को प्रोएक्टिव होकर काम करने और समस्याओं के सामने आने का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयारी रखने को कहा.
RMC प्लांट के लिए जोन वाइज क्षेत्र होंगे विकसित: बैठक के दौरान निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि “RMC प्लांट के लिए जोन वाइज क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा, जिससे शहर में निर्माण सामग्री और मलबे के प्रबंधन को बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया जा सके.”
बाहरी वाहनों से गुरुग्राम में कूड़ा डालने पर सख्ती: मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में बाहर से कूड़ा लाकर डालने वाले वाहनों पर सख्ती के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यदि कोई वाहन दिल्ली या अन्य क्षेत्रों से कूड़ा लेकर गुरुग्राम में आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
‘दिल्ली से कूड़ा लाने वाले वाहन होंगे जब्त’: सीएम ने स्पष्ट किया कि दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लाने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा. उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए.
‘स्वच्छता और पर्यावरण से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’: मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की स्वच्छता और पर्यावरण से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. अधिकारियों को कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.
हर नागरिक को बेहतर सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता: सीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
हर दो महीने में खुद समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम के विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी. वह हर दो महीने में खुद समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति और अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे.
जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सीएम का बड़ा बयान: समीक्षा बैठक के दौरान जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बयान दिया. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस झूठ फैलाने का काम कर रही है.”
‘वोट चोरी के आरोप पर कांग्रेस को घेरा: मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर कहा कि “वोट चोरी कांग्रेस के समय हुई थी.” उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए पार्टी पर राजनीतिक मुद्दे खड़े करने का आरोप लगाया.
‘कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा’: सीएम ने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करने और झूठ फैलाने का काम कर रही है.



