उत्तर प्रदेश

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर सख्त सीएम योगी: गड्ढामुक्त अभियान और नई सड़कों के निर्माण को लेकर आज करेंगे बड़ी समीक्षा बैठक

लखनऊ। लगातार हो रही वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और विशेष मरम्मत के साथ ही वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल सड़कों का निर्माण कार्य प्रदेश सरकार तेजी से कराएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सड़क निर्माण की योजनाओं के साथ ही सड़कों की गड्ढामुक्ति और विशेष मरम्मत के कार्यों की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक को देखते हुए शनिवार को अवकाश के दिन भी लोक निर्माण विभाग का मुख्यालय खोला गया था। विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी समीक्षा के निर्धारित बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करने में जुटे थे।

उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग मुख्यमंत्री के अधीन है। समीक्षा के प्रमुख बिंदुओं में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, अधिक क्षतिग्रस्त मार्गों की विशेष मरम्मत, 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली वर्ष 2023-24 और उससे पहले के स्वीकृत वे कार्य जो किन्हीं कारणों से पूरे नहीं हो सके हैं उन्हें पूरा करने की योजना, चालू वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों के लिए आवंटित बजट से अब शुरू कराए गए कार्यों की प्रगति तथा बिटुमिन (डामर) की अतिरिक्त मांग शामिल हैं।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विकास कार्यों के लिए आवंटित 33 हजार करोड़ रुपये में से 51 प्रतिशत धनराशि जारी की जा चुकी है, जिसमें से 41 प्रतिशत धनराशि योजनाओं पर खर्च किया जा चुका है।

विशेष मरम्मत वाली 1012 सड़कों को बनाने के लिए स्वीकृति दे दी गई है। इन सड़कों का काम वर्षा थमते ही शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button