लापता छात्र का शव तालाब से बरामद,दादी ने लगाया हत्या का आरोप

अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र बेलवा कर्मडीह पंचायत के बेलवा गांव में 10 वर्षीय छात्र शिवम चौबे का शव नवरैया तालाब से बरामद किया गया है। वह 25 घंटे से लापता था। मृतक की एक आंख निकली हुई थी। परिजनों ने गांव के एक किशोर पर हत्या का आरोप लगाया है। शिवम चौबे बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और देर शाम को इटियाथोक थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। गुरुवार सुबह शिवम के कपड़े तालाब के किनारे मिले, जिसके बाद पुलिस ने इटियाथोक के गोताखोरों को बुलाकर तालाब से शव बरामद किया।
शिवम की दादी शिवकुमारी ने बताया कि उनका पोता घर पर खाना खा रहा था, तभी गांव का एक लड़का उसे बुलाने आया और वह उसके साथ चला गया। दादी ने बताया कि शिवम जब मात्र तीन महीने का था, तभी उसकी मां उसे छोड़कर चली गई थी और तब से उन्होंने ही उसका पालन-पोषण किया था। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।





