मां का स्थान भगवान भी नहीं ले सकता, भाग्यशाली हैं वो संतानें जिन्हें माता-पिता का आशीर्वाद मिलता है — रामनारायण बाथम

मैनपुरी समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव रामनारायण बाथम ने अपनी माताजी स्वर्गीय श्रीमती शीलमती देवी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। करहल कस्बे स्थित उनके आवास पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “मां का स्थान भगवान भी नहीं ले सकता।” उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे संतानें वास्तव में भाग्यशाली होती हैं जिन्हें उम्रदराज़ होने तक भी माता-पिता का आशीर्वाद मिलता रहता है।
रामनारायण बाथम ने कहा कि माता-पिता जीवन के प्रथम गुरु होते हैं। उनसे मिली शिक्षा, संस्कार और स्नेह ही व्यक्ति को समाज में सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग और भी भाग्यशाली हैं जो माता-पिता के निधन के बाद भी हर वर्ष स्मृति दिवस मनाकर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं। ऐसे परिवारों को मैं शत-शत नमन करता हूं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शीलमती देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राजबहादुर कश्यप, रामलडैते बाथम, उमाकांत बाथम, रमाकांत, धनंजय बाथम, सक्षम बाथम, आकाशदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में हवन का आयोजन किया गया, जिसमें हवनकर्ता पं. कौशलेंद्र मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और भावनाओं का माहौल व्याप्त रहा।





