कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पास मालगाड़ी हादसा

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम से करीब 400 मीटर दूर रेल हादसा हो गया। आज दोपहर 12:15 बजे, कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास तकनीकी खराबी के कारण कैथल की ओर जा रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। मालगाड़ी कुरुक्षेत्र से पेहवा रोड की ओर जा रही थी। डिब्बे उतरने से अप-डाउन दोनों लाइनों पर ट्रैफिक बाधित हो गया।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी इसी समय रेलवे स्टेशन पर चल रहा था, जिसमें उन्हें सोमनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की ट्रेन को हरी झंडी दिखानी थी। हादसे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रैक की बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई और कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अदानी ग्रुप का रैक हादसे का शिकार हुआ है। डिब्बों को हटाने और लाइन को ठीक करने का काम जारी है। सौभाग्य से, किसी का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।





