डीएम की अध्यक्षता मे की गई गवर्निंग बोर्ड की बैठक हुई विस्तृत चर्चा

ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय
सीतापुर जनपद के विकास भवन सभागार में आज जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी प्रसार एवं किसानों को वैज्ञानिक विधियों से जोड़ने के लिए विभागीय योजनाओं की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदर्शन कार्यक्रमों, कृषक प्रशिक्षण, एफ0पी0ओ0 (कृषक उत्पादक संगठन) के सशक्तिकरण, कृषि यंत्रों के वितरण, आईटी आधारित सेवाओं और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं की जानकारी गांव स्तर तक पहुंचाई जाए और किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी आय वृद्धि सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि मोटे अनाज के बीज उन्हीं कृषकों को वितरित किये जायें, जो इसकी बुआई करें।
जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति/जिला मिशन समिति की बैठक सम्पन्न
जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति/जिला मिशन समिति की बैठक आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भूमि एवं जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जल ही जीवन है, की भावना को केंद्र में रखकर सभी विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जल स्रोतों का संरक्षण, संवर्धन और पुनर्भरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से चेक डैम निर्माण, जलग्रहण क्षेत्रों के उपचार तथा वृक्षारोपण कार्यक्रमों को प्राथमिकता दिए जाने पर बल दिया।
बैठक में भूजल स्तर के गिरते आंकड़ों पर चिंता व्यक्त की गई तथा जल संचयन हेतु सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। जल जीवन मिशन, मनरेगा, कृषि विभाग, वन विभाग, पंचायतीराज विभाग, सिंचाई विभाग आदि की जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से जल संरक्षण के कार्यों की ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी निगरानी करें और प्रत्येक गांव में जल संरचनाओं की सूची तैयार कर ली जाए भी सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





