पंजाबराज्य

तिरंगा पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया शामिल

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तिरंगा पार्क में रविवार सुबह बड़ी संख्या में लोग योग करने पहुंचे। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शिरकत की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि देश का सौभाग्य है कि आज गांव, शहर और बस्तियों तक योग दिवस उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है।

राज्यपाल ने कहा योग और भारत का संबंध प्राचीन काल से रहा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने तपस्या और साधना के माध्यम से योग को जीवन का हिस्सा बनाया, जिससे मन और बुद्धि स्वस्थ एवं संतुलित रह सके।

राज्यपाल ने कहा कि योग व्यक्ति की सबसे बड़ी दौलत है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पार्क में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का योग दिवस पर संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। योग सत्र में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया और प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगासन एवं प्राणायाम किया।

योग दिवस के इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। पूरे परिसर में उत्साह और स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल बना रहा।

वहीं, पंजाब के राज्यापाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लोगों के साथ योग अभ्यास किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को मानवता को जोड़ने वाला माध्यम बताते हुए कहा कि आज योग दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है। कोलकाता में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानव आत्मा की अभिव्यक्ति है। उन्होंने लोगों से योग को केवल किसी खास दिन तक सीमित न रखने और इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बढ़ती उम्र में फिट और ऊर्जावान बने रहने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उनका लाइव प्रसारण चंडीगढ़ में भी सुना गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button