जी0पी0एफ0 अदालत का सर्किट हाउस अयोध्या में हुआ आयोजन

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) प्रयागराज के द्वारा सामान्य भविष्य निधि खाता धारकों को सुगमता पूर्वक भुगतान किये जाने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ उप महालेखाकार अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में कोषागार निरीक्षण, कार्यशाला एवं सामान्य भविष्य निधि अदालत का आयोजन सर्किट हाउस अयोध्या में किया गया। जी०पी०एफ० अदालत में मुख्य कोषाधिकारी अयोध्या श्रीमती ममता सिंह सहित महालेखाकार प्रयागराज के वरिष्ठ लेखाधिकारी श्री जगजीत सिंह सोढ़ी, सहायक लेखाधिकारी श्रीश शुक्ला, श्री अवनीश कुमार, जितेन्द्र कुमार सिंह व जनपद के विभागों के आहरण वितरण अधिकारी, लेखाकार आदि उपस्थित रहे।
वरिष्ठ उप महालेखाकार अभिषेक कुमार ने कार्यशाला के दौरान बताया कि जी०पी०एफ० भुगतान की सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं जिसको आहरण वितरण अधिकारी द्वारा समय-समय पर चेक किया सकता है। जी०पी०एफ० भुगतान प्रक्रिया ऑनलाइन होने से समयबद्ध भी हो गई है तथा इसका लाभ भी कार्मिकों को सेवानिवृत्त होने पर प्राप्त होगा।जी०पी०एफ० अदालत के दौरान कार्मिकों के जी०पी०एफ० मिसिंग, जी०पी०एफ० भुगतान सम्बन्धी सभी लम्बित मामले, एन०पी०एस० से जी०पी०एफ० में स्थानान्तरित कार्मिकों से सम्बन्धित लम्बित प्रकरण, जी०पी०एफ० सम्बन्धी शिकायते एवं अन्य संवेदनशील मुद्दे इत्यादि प्रकरणों पर समीक्षा की गई। इसके साथ-साथ जी०पी०एफ० भुगतान के दौरान आने वाली अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।





