हैदरगंज सीएचसी विवादों में, नए अधीक्षक पर भी यौन एवं मानसिक शोषण के आरोप, फैमिली कोर्ट अंबेडकर नगर से गैर जमानती वारंट है जारी

संदीप विक्रम सिंह/बालजी हिन्दी दैनिक
हैदरगंज, अयोध्या। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगंज एक बार फिर विवादों में है। पूर्व अधीक्षक डॉ. महिपाल सिंह के स्थानांतरण के बाद नियुक्त नए अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार सिंह पर भी यौन शोषण के आरोप लगे हैं। 28 जून को एक स्टाफ नर्स ने पूर्व अधीक्षक डॉ. महिपाल सिंह पर शारीरिक शोषण और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई थी। हालांकि, अभी तक आरोपी डॉक्टर की न तो गिरफ्तारी हुई है और न ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कोई विभागीय कार्रवाई की गई है। वर्तमान अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार सिंह भी इसी तरह के आरोपों से घिरे हुए हैं। उनकी पत्नी ने पुलिस से न्याय न मिलने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके पति डॉ. अवधेश कुमार सिंह का दो अन्य महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अनुचित संबंध है। इनके मामले में भी अंबेडकर नगर जनपद के महिला थाने में केस दर्ज है। फैमिली कोर्ट अंबेडकर नगर से डॉ. एके सिंह के विरुद्ध गैर जमानती वारंट तथा रिकवरी वारंट जारी है। इसके कारण वे उनका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इन सभी मामलों की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को है। लेकिन इन डॉक्टरों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की छवि धूमिल होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। हैदरगंज सीएचसी में लगातार विवादों का यह सिलसिला स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस बाबत जानकारी के लिए अधीक्षक डॉ. एके सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किन्तु उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया ।





