Uncategorizedचंडीगढ़देशराज्यहरियाणा

मुख्यमंत्री बोले: पत्रकार वर्तमान को शब्द और भविष्य के इतिहास को आकार देते हैं

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पत्रकार केवल समाचार नहीं लिखते, बल्कि वर्तमान को शब्द देते हैं और भविष्य के इतिहास को आकार देते हैं। उन्होंने कहा कि समाचार का प्रत्येक शब्द समय का दस्तावेज होता है और हर तस्वीर समाज की चेतना का दर्पण बन जाती है। पत्रकारिता केवल कलम और स्याही का कार्य नहीं, बल्कि समाज के विश्वास, जनमत और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री बुधवार को संत कबीर कुटीर में आयोजित सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम, चंडीगढ़ के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब समाज में संवाद निरंतर, सार्थक और जीवंत बना रहे, और इस दिशा में पत्रकारों की भूमिका सबसे अहम है।

सत्य और संतुलन पत्रकारिता की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता की जड़ें सनातन परंपरा में निहित हैं। उन्होंने महर्षि नारद को विश्व का पहला संदेशवाहक बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि सत्य, संतुलन और समाज कल्याण का संदेश पहुंचाना था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह की लेखनी को राष्ट्र जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के दौर में सूचना पलभर में दुनिया तक पहुंच जाती है। ऐसे समय में सबसे बड़ी आवश्यकता सूचना की गति नहीं, बल्कि उसकी सत्यता और विश्वसनीयता है। अनुभवी और जिम्मेदार पत्रकार ही समाज को सही दिशा देने का कार्य कर सकते हैं।

आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना उसकी शक्ति है, लेकिन वह तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होनी चाहिए। समाज को केवल ब्रेकिंग न्यूज नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, समाधान और प्रेरणादायक उदाहरणों की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारिता सत्य, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ती है, तब वह राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन जाती है।

पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवाद की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन दी जा रही है। पत्रकारों के लिए समूह बीमा योजना संचालित है, जिसका पूरा प्रीमियम राज्य सरकार वहन करती है। इसके अलावा पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

विकास योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा जैसी योजनाओं से लाखों परिवारों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के बच्चों को आईआईटी, एनआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हरियाणा में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और शेष जिलों में भी कार्य प्रगति पर है। जिला अस्पतालों को निजी अस्पतालों जैसी सुविधाओं से लैस करने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम चंडीगढ़ के चेयरमैन ए.आर. पराशर, प्रधान जगतार सिंह संधू, महासचिव केवल भारती, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी.बी. भारती, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।

read also :

रोहतक में आज होगा मेधावी छात्र सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे प्रतिभाओं का सम्मान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button