उत्तर प्रदेशलखनऊ

निगोहां में सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार मजदूर की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

निगोहां। लखनऊ, निगोहां क्षेत्र के शेरपुर लवल मोड़ के पास शुक्रवार शाम को सड़क पार करते समय रोडवेज बस की चपेट में आए साइकिल सवार मजदूर की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया था, जहां से उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। निगोहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। निगोहां के शेरपुर लवल गांव निवासी राजेंद्र ने बताया कि उसके पिता विष्णु कुमार (55) शुक्रवार की शाम करीब सात बजे साइकिल से निगोहां बाजार जा रहे थे। इसी दौरान जब वह शेरपुर लवल मोड़ पर सड़क पार कर रहे थे, तभी लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही एक रोडवेज बस ने साइकिल में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल को निजी वाहन से ट्रामा सेंटर भिजवाया। देर रात हालत नाजुक देख परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक विष्णु कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी आशावती और तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा राजेंद्र व मंझला बेटा विजेंद्र हैं। जबकि सबसे छोटे बेटे ने करीब डेढ़ वर्ष पहले बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब विष्णु की मौत से परिवार पर एक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button