आरजी होटल निगोहां में भव्य भंडारे का आयोजन, सेंट फ्रांसिस की स्काउट-गाइड टीम ने दिया श्रमदान

निगोहां। लखनऊ, शनिवार को निगोहां कस्बे में स्थित आरजी होटल प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में राहगीरों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समर्पण का भी प्रतीक बना, जिसमें विशेष योगदान सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की स्काउट-गाइड टीम ने दिया।कार्यक्रम का नेतृत्व सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की शिक्षिका श्रीमती स्वेता त्रिवेदी ने किया, जिन्हें विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजय क्रिस्टा का मार्गदर्शन प्राप्त था। उनकी अगुवाई में दो दर्जन से अधिक स्काउट-गाइड सदस्यों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर प्रसाद वितरण में अपनी सहभागिता निभाई। यह श्रमदान विद्यार्थियों में सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जाग्रत करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।भंडारे में राहगीरों और स्थानीय लोगों को पूड़ी, सब्जी, छोला-चावल, खीर सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों का वितरण किया गया। लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले यात्रियों ने इस भंडारे का भरपूर लाभ उठाया और आयोजकों के इस सेवा भाव की प्रशंसा की।आयोजन समिति में विवेक गुप्ता, अनुराग गुप्ता, बौव्वा गुप्ता और अभिषेक ने सक्रिय भूमिका निभाई। इन सभी ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में विशेष प्रयास किया।सेंट फ्रांसिस की स्काउट-गाइड टीम में आराध्य तिवारी, पुलिंद शर्मा, प्रतीक त्रिवेदी, अर्पित, अनन्य पाल, विनायक सोनी, उत्कर्ष, आयुष प्रजापति, दिव्यांश द्विवेदी, श्रुति चौधरी, दीक्षा सिंह, परी सिंह, माविया, शिफा, अंशिका शर्मा एवं लक्ष्मी यादव जैसे छात्र-छात्राओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।कार्यक्रम के मुख्य संयोजक विवेक गुप्ता ने बताया कि यह भंडारा जेष्ठ माह के पावन अवसर पर श्रद्धा व जनसेवा की भावना से आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि “सेवा ही धर्म है” की भावना को आत्मसात करते हुए यह आयोजन किया गया, जिसमें स्काउट-गाइड टीम का श्रमदान विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा।
समाज सेवा, श्रद्धा और युवा शक्ति के सामूहिक प्रयास का यह आयोजन एक अनुकरणीय मिसाल बनकर सामने आया।





