अपात्रों को मिला आवास, शिकायत के बाद खुलासा

संदीप विक्रम सिंह/बालजी दैनिक
हैदरगंज, अयोध्या। थाना क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में आवास आवंटित होने की गड़बड़ी सामने आई है। जब गांव के ही शिकायतकर्ता ने आइजी आरएस पोर्टल पर शिकायत की तो इसका खुलासा हुआ। मामला विकासखंड तारुन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरोराघवपुर का है। जो वर्ष 2021-22 मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में चयनित हुआ तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत भी हो चुका है। यहां इसके पहले भी भ्रष्टाचार को लेकर कई मामले सामने आ चुके हैं। गत महीनों पहले स्टेडियम निर्माण तथा अन्य कार्यों की भ्रष्टाचार संबंधी हुई शिकायत के बाद लोकायुक्त की टीम ने गांव पहुंचकर जांच भी किया था। चर्चा है कि अधिकतर मामलों में जांच के बाद जिम्मेदारों ने लीपा पोती कर संबंधित ब्लॉक कर्मियों को क्लीन चिट दे दिया है। अब यहां अनीता उर्फ पूनम सिंह पत्नी नारायण दत्त को मुख्यमंत्री आपदा के तहत आवास दिया गया है। 26 अगस्त 2025 को जनसुनवाई पोर्टल पर दी गई आख्या में ग्राम पंचायत अधिकारी कर्मराज ने इसकी पुष्टि की है। गांव के ही शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सिंह का आरोप है कि जिस महिला के नाम से आवास आवंटित है। उनके पति नारायण दत्त के हिस्से में लगभग 18 से 20 बीघा जमीन तथा पक्का मकान पहले से ही है। जो आवास योजना नियमों के विरुद्ध है। खंड विकास अधिकारी आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि उपरोक्त नाम से कोई आवास नहीं दिया गया है। जबकि उन्ही के अधीनस्थ अधिकारी ने जांच रिपोर्ट में आवास मिलने की बात को दर्शाया है। सवाल यह उठता है कि दोनों अधिकारियों के बयान में विरोधाभास है, तो किसकी बात सही मानी जाए।





