Uncategorizedउत्तराखण्डराज्य

देहरादून में 24 जुलाई को होगी अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन सम्मेलन, कई देशों के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 24 जुलाई को देहरादून में एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस) आयोजित किया जाएगा। “मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर” विषय पर होने वाले इस सम्मेलन में भारत सहित कई देशों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रेक्षक प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाने के लिए वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श करना है।

सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारती, आईजी अनंत शंकर ताकवले, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारी तथा आईआईएम काशीपुर, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी और दून यूनिवर्सिटी के शिक्षाविद विभिन्न तकनीकी सत्रों में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण अकादमिक एवं नीतिगत मंच होगा। इसमें निर्वाचन प्रेक्षकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उनके लिए मॉडल मानकों पर चर्चा की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रेक्षक प्रणाली के मॉडल मानकों को समझना, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, विधि विशेषज्ञों, मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान करना भी है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए अब तक संयुक्त राज्य अमेरिका, रोमानिया, आयरलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, हंगरी और नेपाल की चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद और विभिन्न संकायों के 400 से अधिक प्रतिभागी हाइब्रिड मोड के माध्यम से सम्मेलन में भाग लेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन निर्वाचन प्रणाली में वैश्विक सहयोग और नवाचार को नई दिशा प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button