साहित्य सृजन संस्थान द्वारा मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी बिसवां की उपस्थिति में बच्चों को निःशुल्क वितरित की गईं पाठ्य पुस्तकें

ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय
बिसवां ( सीतापुर ) :- शैक्षिक, सामाजिक, साहित्यिक सरोकारों को समर्पित अ. भा. संस्था ‘साहित्य सृजन संस्थान’ द्वारा क्षेत्र बच्चों के शैक्षिक विकास के लिए बिसवां में निकट पशु चिकित्सालय, तहसील रोड पर स्थापित ‘सृजन पुस्तकालय’ में ( हाई स्कूल इंटर के छात्र छात्राओं को) निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी एवं स्कूल बैग उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप जिलाधिकारी बिसवां, शिखा शुक्ला उपस्थिति रहीं। संस्थान द्वारा उन्हें अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न एवं साहित्यिक पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उनकी मौजूदगी में नगर के वरिष्ठ समाजसेवी रहे स्वर्गीय राकेश अग्रवाल जी की पुण्यस्मृति में उनके सुपुत्र अभिषेक अग्रवाल और पुत्रवधू शिवानी अग्रवाल के सौजन्य से शहरी सराय बिसवां स्थित मौलाना आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा, निजामाबाद निवासी कु रौशनी पुत्री राधेश्याम को उनके पाठ्यक्रम की पुस्तकें स्टेशनरी और स्कूल बैग वितरित किए गए।
इस अवसर उप जिलाधिकारी, बिसवां शिखा शुक्ला जी ने अपने संबोधन में कहा कि शैक्षिक चेतना ही समाज की दिशा और दशा तय करती है इस लिहाज से सृजन पुस्तकालय की भूमिका क्षेत्र के शैक्षिक सरोकारों के प्रति महत्वपूर्ण है। हमारी शुभकामनाएं और भरपूर सहयोग संस्थान को सदैव सुलभ रहेगा।
संस्थान के संस्थापक/अध्यक्ष साहित्यकार संदीप मिश्र सरस ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष क्षेत्र के मेधावी जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बुक किट उपलब्ध कराई जाती है। ये बच्चे अपनी मेधा के बल पर सफलता अर्जित करके बिसवां का नाम पूरी दुनिया में जब रोशन करेंगे तो हमारे संस्थान का संकल्प सार्थक हो जाएगा।
कार्यक्रम में श्री राम चंपा देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश शुक्ल, मौलाना आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद मकसूद, गंगा स्वरूप मिश्र, वैद्य राम किशोर शुक्ला, अधिवक्ता मनोज गुप्त, उबैद बदर, सदाशिव शुक्ल, एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पुस्तकालय में विभिन्न भाषाओं की साहित्यिक, ऐतिहासिक, वैज्ञानिक, दार्शनिक पुस्तकों के साथ-साथ पर्याप्त कंपटीशन बुक्स की व्यवस्था है। प्रतिवर्ष विभिन्न महाविद्यालयों के अन्यान्य शोध छात्र छात्राएं पुस्तकालय द्वारा उपलब्ध पुस्तकों से अपने लघु शोध प्रबंध तैयार करते हैं।
सृजन पुस्तकालय द्वारा समय-समय पर बच्चों को विभिन्न स्कूल, कोचिंग सेंटर में एडमिशन एवं छूट का सहयोग दिलाया जाता है और छात्र-छात्राओं के लिए मोटिवेशनल क्लासेस एवं करियर काउंसलिंग के प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं। अब पुस्तकालय में कंप्यूटर प्रशिक्षण की भी व्यवस्था संचालित हो गई है।





