Uncategorizedचंडीगढ़देशपंजाबराज्य

ईडी दफ्तर में विधायक रमन अरोड़ा से साढ़े आठ घंटे पूछताछ

जालंधर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा से करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की। मंगलवार को विधायक रमन अरोड़ा आवश्यक दस्तावेजों के साथ जालंधर स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे लंबी पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, विजिलेंस ब्यूरो पंजाब द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार मामले में जमानत पर चल रहे विधायक रमन अरोड़ा को ईडी ने पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। इसी नोटिस के तहत वह दस्तावेजों की फाइल लेकर ईडी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे अंदर चले गए।

ईडी ने विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज एफआईआर को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू की है। जांच एजेंसी ने मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारी मांगी थी, जिन्हें लेकर विधायक ईडी कार्यालय पहुंचे थे।

करीब साढ़े आठ घंटे तक चली पूछताछ के बाद शाम लगभग 7:30 बजे रमन अरोड़ा कार्यालय से बाहर निकले। इस दौरान मीडिया ने उनसे पूछताछ के संबंध में प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से परहेज किया। इसके बाद वह अपने बेटे राजन अरोड़ा के साथ वाहन में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

ईडी की पूछताछ को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से पूछताछ के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में एजेंसी की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button