सांसद डिंपल यादव ने खाद संकट और आरओ कोर्ट बंद होने पर जताई नाराज़गी

उमाकांत बाथम संवाददाता मैनपुरी
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद न मिलने और आरओ कोर्ट के बंद होने की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन को पत्र लिखा है।
उन्होंने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को लिखे पत्र में कहा कि मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के किसानों को डीएपी व यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रही है। सहकारी समितियों पर लंबी कतारें लगी रहती हैं और किसान कई-कई दिनों की मशक्कत के बाद भी खाद लेने से वंचित रह जाते हैं। साथ ही नकली व मानकविहीन खाद की बिक्री से किसानों की फसल और उनकी आर्थिक स्थिति पर विपरीत असर पड़ रहा है। यह स्थिति प्रदेश की खाद्य सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। सांसद ने मांग की है कि मैनपुरी व आसपास के जिलों में खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और नकली खाद पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
इसके अलावा सांसद डिंपल यादव ने डीएम मैनपुरी को पत्र लिखकर आरओ कोर्ट को पुनः चालू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अचानक आरओ कोर्ट को बंद करना लापरवाही है, जबकि 50 दिन से अधिक समय से वकील हड़ताल पर हैं। सांसद ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों और आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।





