क्षेत्रीय विद्युत समस्याओं को लेकर सांसद डिंपल यादव ने अधीक्षण अभियंता को भेजा पत्र

पांच गांवों की खराब आपूर्ति व्यवस्था पर जताई चिंता, शीघ्र समाधान की मांग
उमाकांत बाथम संवाददाता मैनपुरी
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की सांसद डिंपल यादव ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण खंड मैनपुरी को पत्र भेजकर क्षेत्र में व्याप्त विद्युत आपूर्ति की समस्याओं पर गहरी चिंता जताई है। पत्रांक-34/25/LKO दिनांक 04 अगस्त 2025 को जारी पत्र में सांसद ने पांच गांवों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए त्वरित, प्रभावी और सुनिश्चित कार्यवाही की मांग की है।
सांसद द्वारा पत्र में उल्लेखित समस्याएं निम्नलिखित हैं—
ग्राम रठेरा: गांव के बीच से 11000 वोल्ट की एलुमिनियम लाइन गुजर रही है। पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। केबलिंग कराए जाने की मांग की गई है।
लोंगपुर चौराहा से नागला त्रिलोक (करहल–घिरोर मार्ग): जर्जर लाइन से बार-बार स्पार्किंग हो रही है। लाइन को शीघ्र शिफ्ट किए जाने की मांग की गई है।
ग्राम नगरिया एवं उदयपुर (ग्राम पंचायत अंगौथा): आधे गांव में अब तक विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी है। कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई है।
ग्राम पंचायत अंगौथा: पानी की टंकी के ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर फुका हुआ है। नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है।
ग्राम नगला आशा (ग्राम पंचायत दरवाह, ब्लॉक घिरोर): गांव का एक बड़ा हिस्सा अब भी बिजलीविहीन है। शेष हिस्से का विद्युतीकरण कराए जाने की सिफारिश की गई है।
सांसद ने पत्र की एक प्रति जिलाधिकारी मैनपुरी को भी प्रेषित की है।
इस पत्र को लेकर ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सांसद की पहल पर विभाग जल्द कार्रवाई करेगा।






Nice post! 1754788996