राज्यहरियाणा

भ्रष्टाचार पर नायब सरकार का बड़ा प्रहार: सीएम सैनी ने लॉन्च किया ‘सतर्क – हरियाणा’ ऐप, घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

हरियाणा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को हरियाणा सचिवालय से ‘सतर्क – हरियाणा’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से नागरिक भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत एवं सूचना सीधे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हरियाणा तक पहुंचा सकेंगे।

ऐप में हेल्पलाइन से सीधे जुड़ने, डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने, संबंधित जिले के एसीबी अधिकारी की जानकारी एवं लोकेशन प्राप्त करने तथा एफआईआर की कॉपी डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस मोबाइल ऐप की विशेषता यह है कि कई बार नागरिकों को भ्रष्टाचार संबंधी जानकारी तो होती है, लेकिन उन्हें एसवी एंड एसीबी की हेल्पलाइन का नंबर याद नहीं रहता। ‘सतर्क – हरियाणा’ ऐप के माध्यम से इस समस्या का समाधान किया गया है।

ऐप में उपलब्ध हेल्पलाइन सुविधा पर केवल एक टच करने पर नागरिक सीधे एसवी एंड एसीबी की हेल्पलाइन से जुड़ सकेंगे। इससे उन्हें हेल्पलाइन नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी और वे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क कर सकेंगे।

यदि किसी नागरिक के पास भ्रष्टाचार से संबंधित कोई वीडियो, ऑडियो, फोटो अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी है, लेकिन वह तत्काल किसी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करवाना चाहता, तो ऐसी सूचना भी ऐप के माध्यम से एसवी एंड एसीबी तक पहुंचाई जा सकेगी। इस दौरान गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इससे भ्रष्टाचार संबंधी प्राप्त सूचनाओं का एक व्यवस्थित डिजिटल डेटाबेस तैयार करने में सहायता मिलेगी।

आवश्यकता के अनुसार भविष्य में इन सूचनाओं का विश्लेषण एवं उपयोग नियमानुसार किया जा सकेगा। नागरिकों की सुविधा के लिए हरियाणा के सभी 23 जिलों को ऐप से जोड़ा गया है। यदि कोई व्यक्ति किसी दूसरे जिले में जाता है और उसे वहां भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत या सूचना देनी हो, तो ऐप में संबंधित जिले का चयन करने पर वहां के एसवी एंड एसीबी इंचार्ज का नाम एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध होगा।

साथ ही गूगल लोकेशन के माध्यम से संबंधित कार्यालय का स्थान और वहां पहुंचने का मार्ग भी देखा जा सकेगा। नागरिक आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क करने के साथ-साथ कार्यालय जाकर भी अपनी शिकायत या सूचना प्रस्तुत कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button