उत्तर प्रदेशसीतापुर

नवयुवक लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका

रिपोर्ट सनोज मिश्रा

अटरिया सीतापुर- अटरिया थाना क्षेत्र के चंदेसुआ गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राममिलन मौर्य पुत्र शिवराज मौर्य के रूप में हुई है, जो इसी गांव का निवासी था। राममिलन की संदिग्ध मौत को लेकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि शुरुआती जानकारी में बिजली बनाने के दौरान हादसे का शिकार होने की बात सामने आ रही है।

राममिलन अपने पीछे तीन छोटे बच्चों – 13 वर्षीय मुस्कान, 8 वर्षीय मनीष और 6 वर्षीय दीप्ति – को छोड़ गया है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। राममिलन पेशे से मैकेनिक का काम करता था और निजी तौर पर लाइनमैन का कार्य भी करता था।

सूत्रों के अनुसार, राममिलन बीती रात घर पर बिना बताए बिजली ठीक करने के लिए गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह किसी हादसे का शिकार हो गया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अगर राममिलन की मौत बिजली के झटके से हुई होती तो उसका शरीर बुरी तरह झुलसा हुआ मिलता, जबकि शव सड़क किनारे सामान्य अवस्था में लेटा हुआ मिला।

ग्रामीणों का मानना है कि राममिलन की मौत एक हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। उनके अनुसार, शव के पास से एक प्लास, चप्पल और चप्पल के ऊपर रखा एक फोन मिला है। इन परिस्थितियों को देखते हुए लोग हत्या की साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं और पुलिस से गहन जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button