हमारा खून किसी को ज़िंदगी दे यही प्रयास हमारा – नीरज मौर्य
संवेदना, सेवा और सहयोग की मिसाल बनी नव्या ग्रीन फाउंडेशन और आदर्श मानव समाज सेवा संस्थान की संयुक्त पहल


गंभीर रूप से बीमार बच्ची को समय पर मिला ब्लड, बची मुस्कान की जिंदगी
बलराम मौर्य / बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या/अंबेडकरनगर l जब संवेदना जीवित हो, सेवा लक्ष्य हो और सहयोग उद्देश्य, तब समाज में असंभव जैसा दिखने वाला भी संभव हो जाता है। इसी भाव को साकार किया नव्या ग्रीन फाउंडेशन और आदर्श मानव समाज सेवा संस्थान ने, जिन्होंने एक मासूम बच्ची के जीवन को बचाने के लिए समय से पहले दौड़ लगाकर समाज में मानवता की एक सशक्त मिसाल पेश की। मामला ग्रामसभा रूक्चनपुर, मगनपुर महिमापुर (ब्लॉक आलापुर) निवासी सुनील कुमार की भांजी मुस्कान का, जो बीते पांच दिनों से शिवम् हॉस्पिटल, जहांगीरगंज में गंभीर हालत में भर्ती थी। मुस्कान की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी और डॉक्टरों ने तुरंत ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सिफारिश की। मगर दुर्भाग्यवश, घर की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर थी और परिवार में कोई भी सदस्य ब्लड डोनेट करने योग्य नहीं था। समय लगातार हाथ से फिसलता जा रहा था और हर पल अनमोल होता जा रहा था। ऐसे विषम समय में आदर्श मानव समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री घनश्याम जी ने मानवीय पहल करते हुए नव्या ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष नीरज मौर्य जी से संपर्क किया। बिना कोई देर किए, नीरज मौर्य जी और उनकी टीम ने तत्परता दिखाई और ब्लड डोनर की तत्काल व्यवस्था कराई। मुस्कान को समय पर ब्लड मिल गया और उसका उपचार सफलतापूर्वक जारी है। डॉक्टरों ने भी इसे एक “क्रिटिकल सेव” की श्रेणी में रखा।
स्थानीय लोगों ने सराहा मानवीय प्रयास -घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने इस मदद को भावुकता से भरा कदम बताया और दोनों संस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “समाज तभी सशक्त होता है जब उसमें इंसानियत की सांसें चलती हैं।”
संवेदनशील नेतृत्व की झलक दिखी समाज सेवी में – इस कार्य के संबंध में नव्या ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष नीरज मौर्य ने कहा कि “हमारे समाज में जब भी किसी को रक्त की आवश्यकता होगी, हम अपनी पूरी क्षमता से मदद करेंगे। यह सिर्फ एक बच्ची की जान नहीं थी, बल्कि एक परिवार की उम्मीद थी। हम अपने सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर आगे भी ब्लड डोनेशन कैंप लगाते रहेंगे और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगे।”
आदर्श मानव समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष घनश्याम जी ने भी कहा “हमारा ध्येय यही है कि कोई भी जरूरतमंद इंसान इलाज से वंचित न रहे। हमारा धर्म सेवा है और यह कार्य उसी सेवा भावना का परिणाम है l
समाज के लिए प्रेरणा है रक्त दान का मिशन – यह घटना सिर्फ एक मदद नहीं, बल्कि एक संदेश है कि यदि संवेदनशील लोग संगठित होकर काम करें तो समाज के हर कोने तक सेवा की लौ पहुंचाई जा सकती है। यह घटना उन सभी युवाओं और संस्थाओं को प्रेरित करती है जो समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व को लेकर सजग हैं। जब तक समाज में ऐसे सेवाभावी लोग मौजूद हैं, तब तक इंसानियत ज़िंदा है, और रहेगी। इस अवसर पर सेवा ही धर्म टीम के संस्थापक वरिष्ठ समाज सेवी धर्मवीर सिंह बग्गा,राजन कन्नोजिया,रमेश मौर्य,सिंटु गुप्ता,डाक्टर शैलेश यादव,सरफराज,रविन्द्र कुमार, सदानंद गुप्ता,पंकज कुमार, संदेश यदुवंशी,दीपक नाग सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे l





