
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रांची सहित पूरे झारखंड में दीपोत्सव का आयोजन किया गया. प्रदेश भाजपा के आह्वान पर आयोजित इस दीपोत्सव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से लेकर मंदिरों, गुरुद्वारों, चौक चौराहों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की गई. वहीं डोरंडा स्थित मजार पर चादरपोशी कर दुआ मांगी गई. प्रदेश भाजपा कार्यालय में इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीया जलाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर खुशियां मनाई.
सैंड आर्ट से बना पीएम मोदी का कलाकृति रहा आकर्षण का केंद्र
राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक का नजारा ही बदला हुआ था. गुरुवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने 21000 दीया जलाए, आतिशबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लोगों के बीच लड्डू बांटे. सैंड आर्ट से बना पीएम नरेंद्र मोदी का कलाकृति इस दौरान आकर्षण का केंद्र रहा. इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
भाजपा नेता रमेश सिंह के द्वारा आयोजित इस दीपोत्सव कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा सहित कई बड़े नेता शामिल हुए. इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा करते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की.
बीजेपी नेता और विधायक बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन जनता के लिए समर्पित है और जिस तत्परता के साथ उन्होंने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है, उससे भारत की छवि दुनियां के देशों में ना केवल सराहा जा रहा है, बल्कि लोहा भी माना जा रहा है.
रिसालदार बाबा मजार पर चढ़ाया गया चादर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार शाम राजधानी रांची के डोरंडा स्थित रिसालदार बाबा मजार पर मुसलमानों के द्वारा चादरपोशी की गई. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री मिस फीका हसन और प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ताजदार आलम के नेतृत्व में रिसालदार बाबा मजार पहुंचे लोगों ने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए दुआ मांगी. चादरपोशी के अलावे दिया भी जलाए और पीएम मोदी के सुखद जीवन की कामना की. इस मौके पर आरीफ नासिर भट्ट सहित भाजपा से जुड़े बड़ी संख्या में मुसलमान शामिल थे.

