पंजाबराज्य

पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’: 5 लाख से अधिक बुजुर्गों ने किए मुफ्त दर्शन, मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने दी जानकारी

चंडीगढ़। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 50 वर्ष से अधिक आयु के 5,10,807 श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं। पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने वीरवार को पंजाब भवन में प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें सुविधाजनक और निशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध करा रही है। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 9 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की शुरुआत की थी।

इसके तहत पंजाब के 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को विभिन्न पवित्र धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कराई गई। यात्रा में श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर और श्री रामतीर्थ सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल रहे।

वरिष्ठ नागरिकों को नए तीर्थ स्थलों का लाभ

उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीर्थ यात्रा के लिए तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग भी शुरू किए। इनमें खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी, मथुरा-वृंदावन, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल शामिल हैं। अब पंजाब के वरिष्ठ नागरिक इन धार्मिक स्थलों के भी दर्शन कर रहे हैं।
सौंद के अनुसार, अब तक 12,450 से अधिक बसों के माध्यम से विभिन्न संगठनों से जुड़े श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों तक पहुंचाया जा चुका है।

काशी यात्रा के लिए केंद्र से जवाब का इंतजार

यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। उनके लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जाती है। साथ ही मेडिकल टीम और गाइड भी उपलब्ध रहते हैं।

उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को काशी (वाराणसी) ले जाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष रेलगाड़ियां चलाने का आग्रह किया गया है, लेकिन अभी तक केंद्र से कोई जवाब नहीं मिला है। ट्रेन से तीर्थ यात्रा की सुविधा देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार इस पर भी विचार करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button