
बीजापुर\जांजगीर चांपा\बालोद\महासमुंद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल के उपलक्ष्य में पूरे देश में आशीर्वाद के दीप जलाए गए. लोगों ने बढ़चढ़ कर इस सार्वजनिक उत्सव में भाग लिया.
नक्सलमुक्त बीजापुर में कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर “आशीर्वाद का दीप” प्रज्वलित किया गया. यह दीप देश की आंतरिक सुरक्षा एवं शांति के लिए विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले वीर जवानों के त्याग, साहस और समर्पण के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक रहा. कर्रेगुट्टा क्षेत्र में सीआरपीएफ, कोबरा एवं डीआरजी के जवानों ने संयुक्त रूप से संचालित अभियानों के दौरान प्रदर्शित साहस और कर्तव्यनिष्ठा का स्मरण करते हुए जवानों के समर्पण को नमन किया.
वहीं बीजापुर के मिनी स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं सहित आम और खास लोगों ने दीप प्रज्वलित कर विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की. दीपों की रोशनी से पूरा मिनी स्टेडियम जगमगा उठा.
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बस्तर में सड़क, रेल सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों का उल्लेख किय.। उन्होंने कहा कि बस्तर को विकसित और अग्रणी संभाग बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बस्तर के विकास एवं शांति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया गया.
2047 तक विकसित भारत का संकल्प और पीएम मोदी के दीर्घायु के लिए बीजापुर की जनता ने दीप जलाए. बस्तर को नक्सलवाल को मुक्त कर पीएम मोदी ने बस्तरवासियों को बड़ी सौगात दी –महेश कश्यप, बस्तर सांसद
जांजगीर चांपा में पीएम मोदी का जन्मदिन
जांजगीर चांपा जिले के शिवरीनारायण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर खास तौर पर सजाया गया. जिला प्रशासन के आह्वान पर शिवरीनारायण क्षेत्र के महिला पुरुष बड़ी तादत मे शामिल होने पहुंचे. महानदी घाट को विशेष सजाया गया और स्कूली छात्र छात्राओं ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी.कार्यक्रम में बीजेपी संगठन मंत्री पवन साय और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने हिस्सा लिया और महानदी आरती कर दीपदान किया.
25 साल पीएम मोदी ने राष्ट्र सेवा को समर्पित किया. इस दौरान उन्होंने गुजरात और देश को एक नई उंचाईयों तक पहुंचाया –अमर अग्रवाल, विधायक बिलासपुर
गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास ने भी पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीपक जलाया और महानदी आरती में शामिल हुए. उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन को आम जनता द्वारा दीपक जलाकर ऐतिहासिक बनाने की बात कही. साथ ही कहा कि जन्मदिन पर दीप जलाना सनातन परम्परा रही है, दीपक जला कर लंबी उम्र की कामना और उन्नति की कामना की जाती है.
शिवरीनारायण में पीएम मोदी का जन्मोत्सव मनाया गया. महाआरती कार्यक्रम पिछले 25 साल से हो रहा है. आज विशेष उत्साह के साथ लोगों ने पीएम मोदी के लिए आरती की-महंत राम सुन्दर दास, सर्वराकार मठ मंदिर शिवरीनारायण
बालोद में सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल के उपलक्ष्य में बालोद जिले में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज हुआ. जिला मुख्यालय स्थित सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान 1 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए. दीपों की रोशनी से स्टेडियम में भारत का विशाल मानचित्र जीवंत हो उठा, जो पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने प्रशासन और आम जनता के साझा प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे विराट आयोजन सामूहिक समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण हैं. सांसद नाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया.
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है. एक माह तक मोदी जी के लिए आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा-भोजराज नाग, सांसद
इस आयोजन में समाज के हर तबके ने हिस्सा लिया. स्व-सहायता समूह की महिलाओं, स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स और स्थानीय लोगों ने दीप जलाकर सेवा और समर्पण का संकल्प लिया. नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर के कलाकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया.
महासमुंद में जलाए गए 6 लाख दीये
महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए. जिले में शाम 7 बजे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ करीब 6 लाख दीप जलाए गए. जिला मुख्यालय के अटल परिसर में मुख्य आयोजन हुआ, जहां करीब 8 हजार दीपों से पूरा परिसर जगमगा उठा.
कार्यक्रम में सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि रहीं. उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया. विकासखंड महासमुंद में करीब 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार और सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप जलाए गए.
इस साल पीएम मोदी को जनप्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे हुए. पूरे महीने भर कई कार्यक्रम आयोजित कए जाएंगे-रूपकुमारी चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष
दिव्यांग छात्रा ने पैरों से जलाया आशीर्वाद का दीया
धमतरी के रुद्रेश्वर मंदिर घाट पर गुरुवार शाम एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दिव्यांग छात्रा वर्षा ध्रुव ने अपने पैरों से दीप प्रज्वलित कर साहस, आत्मविश्वास और उम्मीद की अनोखी मिसाल पेश की. दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद वर्षा ने जिस सहजता और आत्मविश्वास के साथ अपने पैरों से दीप जलाया, उसे देखकर घाट पर मौजूद लोग कुछ पल के लिए ठहर गए. दीप की लौ जलते ही रुद्रेश्वर घाट जगमगा उठा, लेकिन वर्षा के हौसले की रोशनी ने वहां मौजूद लोगों के मन को भी छू लिया.
जशपुर में 5 लाख दीप प्रज्वलित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर जिले में भी सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत व्यापक जनभागीदारी के साथ हुई. अभियान के प्रथम दिन शाम 7 बजे आशीर्वाद का एक दीया कार्यक्रम के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक सेवा, सहभागिता और सामाजिक दायित्व का संदेश दिया गया. रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम में 65 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए. कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह ग्राम बगिया में भी दीपों से केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई.

