मोहनलालगंज के एसडीएम पवन पटेल ने सीएचसी नगराम का निरीक्षण किया

मोहनलालगंज के एसडीएम पवन पटेल ने सीएचसी नगराम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में कई कमियां पाईं। लेबर रूम में वॉशरूम की व्यवस्था नहीं मिली और अस्पताल में सफाई व्यवस्था भी अच्छी नहीं थी।
एसडीएम ने अस्पताल में मौजूद सुविधाओं की जांच करते हुए खुद अपना बीपी और शुगर चेकअप कराया। मैनुअल बीपी मशीन न होने पर उन्होंने मौजूद डॉक्टरों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान किचन रूम बंद मिला। एसडीएम ने ताला तुड़वाकर किचन में रखे राशन की जांच की। टॉयलेट में गंदगी के साथ-साथ पानी की सप्लाई भी बंद मिली। बाथरूम पर ताला लगा हुआ था। पास में ही बाथरूम के लिए अस्पताल के ही फ्लश बोर्ड लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी, जिसे देखकर एसडीएम नाराज हुए।
अस्पताल में मिली इन कमियों को लेकर एसडीएम ने अपनी नाराजगी व्यक्त की और अस्पताल प्रशासन को जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।





