अक्टूबर माह तक पूर्ण हो जाय सारे निर्माणाधीन चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य – मंडलायुक्त

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l मंडलायुक्त श्री राजेश कुमार ने विगत देर शाम को जिलाधिकारी श्री निखिल टीकाराम फुंडे के साथ जनपद अयोध्या में निर्माणाधीन चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में भूमि/भवन अधिग्रहण से सम्बन्धित बाधाओं के निस्तारण एवं मार्ग निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु स्थलीय निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण में नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफ/आर) श्री महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री योगानंद पांडे, उप जिलाधिकारी (सदर) श्री राम प्रसाद त्रिपाठी सहित कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, निर्माण खण्ड-3, लो०नि०वि०, अयोध्या तथा अन्य अधिकारी / कर्मचारी उपस्थित रहें।
अधिशासी अभियन्ता, नि० ख०-3 द्वारा मार्ग के संरेखण में भूमि/भवन से सम्बन्धित विभिन्न बाधाओं से अवगत कराया गया। अधिशासी अभियन्ता, नि० ख०-3, लो०नि०वि०, अयोध्या व उपजिलाधिकारी (सदर) को निर्देशित किया गया कि मार्ग के संरेखण में आ रहे भवन, बाउन्ड्रीवाल इत्यादि हेतु जहाँ-जहाँ बैनामें हो चुके है एवं ध्वस्तीकरण शेष है, को लो०नि०वि० एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा एनाउन्समेन्ट कराते नियमानुसार उक्त भवनों / बाउन्ड्रीवाल इत्यादि का ध्वस्तीकरण का कार्य कराना सुनिश्चित करें। परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में मैन पावर बढ़ाने एवं पर्याप्त मशीनरी आदि की व्यवस्था करते हुए निर्माण की गति को बढ़ाने एवं मार्ग पर डिवाइडर निर्माण के कार्य को अविलम्ब प्रारम्भ करने हेतु निर्देशित किया गया। जल निगम को जनौरा अण्डरपास से उदया तिराहा तक मार्ग के भाग में सीवर लाइन एवं वाटर सप्लाई लाइन के शेष कार्यों को अविलम्ब पूर्ण कराते हुए मार्ग को लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। लोक निर्माण विभाग, जल निगम एवं अन्य सम्बन्धित विभागो को आपस में समन्वय / संवाद स्थापित करते हुए परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य को मानक एवं विशिष्टयों के अनुरूप गुणवत्तापरक पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया । यह भी स्पष्ट किया गया कि परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य को आगामी माह अक्टूबर 2025 में जनपद अयोध्या का प्रान्तीयकृत दीपोत्सव, चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मेले के आयोजन से पूर्व पूर्ण करा लिया जाये, ताकि समय से उक्त प्रान्तीयकृत मेलो का ससमय आयोजन किया जा सके।





