तीन बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, फर्जीवाड़ा कर बनवाए पासपोर्ट, विदेश यात्राएं भी कीं

बरेली। बांग्लादेशी नागरिक महिला ने प्रेमनगर क्षेत्र के मौलानगर में रहकर फर्जीवाड़ा कर दो पासपोर्ट बनवा लिए और विदेश यात्रा भी की। वह कई बार बांग्लादेश, दुबई और अन्य खाड़ी देशों में गई। महिला का हाफिजगंज निवासी उसकी दो बहनों ने भी भरपूर सहयोग किया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों बहनों को धोखाधड़ी का आरोपी बनाकर गिरफ्तारी की है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।
बानखाना चौकी प्रभारी वीरेश भारद्वाज ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि मौलानगर बिलाल मस्जिद के पास रहने वाली मुनारा बी बांग्लादेश की नागरिक है। मुनारा बी का परिवार बांग्लादेश के जिला जेस्सोर खुलना में रहता है। मुनारा बी अवैध रूप से भारत में आई और फर्जी प्रपत्र बनवा लिए। फर्जी प्रपत्र के माध्यम से 2011 में भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया।
प्रेमनगर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि धोखाधड़ी और कूटरचना में मुनारा बी का साथ उसकी बहनों थाना हाफिजगंज के मोहल्ला कस्बा बाजार निवासी सायरा बानो और तसलीमा ने दिया है। तीनों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें गिरफ्तार कर ली गई हैं और उनसे एजेंसिया पूछताछ कर रही हैं।





