“मेरा रेशम मेरा अभिमान” अभियान के अंतर्गत नेरी में रेशम कृषकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्ट कृष्ण मोहन मिश्रा ‘ राहुल ‘
सीतापुर । केंद्रीय रेशम बोर्ड एवं राज्य रेशम विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम नेरी, विकासखंड पिसावां स्थित राजकीय रेशम फार्म नेरी में “मेरा रेशम मेरा अभिमान” कार्यक्रम के अंतर्गत रेशम कृषकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 44 रेशम कृषकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान सीएसबी बीटीएसएसओ बिलासपुर के वैज्ञानिक डॉ. जयप्रकाश पाण्डेय एवं सतीश कुमार, एएसडीओ अमन सिंह, और राज्य रेशम विभाग के रेशम सहायक वीरेंद्र कुमार ने लार्वा एवं पत्तियों में होने वाले रोगों से बचाव, उच्च गुणवत्ता वाले कीटपालन तकनीक एवं बीमारियों के नियंत्रण विषय पर कृषकों को प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर सीतापुर के सहायक निदेशक रेशम अमित कुमार रघुवंशी ने भी सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने राजकीय रेशम फार्म नेरी का भ्रमण किया तथा रेशम उत्पादन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर कृषकों से संवाद किया।
इसी क्रम में ग्राम पकरिया, पाण्डेय, सीतापुर में भी “मेरा रेशम मेरा अभिमान” कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 56 रेशम कृषकों ने सहभागिता की। यहां भी वैज्ञानिकों व रेशम अधिकारियों ने तकनीकी जानकारी एवं प्रदर्शन के माध्यम से रेशम उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेशम कृषकों को उन्नत तकनीकी ज्ञान से लैस कर रेशम उत्पादन को बढ़ावा देना एवं जनपद सीतापुर में रेशम उद्योग के विकास के लिए नए अवसरों का सृजन करना रहा।
रेशम कृषकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए “मेरा रेशम मेरा अभिमान” अभियान को लाभकारी बताया और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।





