Uncategorizedउत्तर प्रदेश

खुले गैस चैंबर में गिरकर युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

चंचल गोयल बालजी दैनिक

फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र के गांव ढोलपुरा में गेल गैस विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। खुले पड़े गैस चैंबर में गिरने से युवक की जान चली गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार ढोलपुरा निवासी छोटेलाल पुत्र राम भरोसी मंगलवार रात करीब 11 बजे गांव के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान वह खुले पड़े गैस चैंबर में गिर गए। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में उनका शव चैंबर में पड़ा मिला।


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गेल गैस विभाग का चैंबर लंबे समय से खुला पड़ा था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। उनका कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने लापरवाही बरती, जिसका खामियाजा युवक को जान देकर भुगतना पड़ा।
मौके पर किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी भी पहुंच गए और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। यूनियन नेताओं ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर थाना लाइनपार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button