अयोध्याउत्तर प्रदेश

हम सब एकजुट हैं, और देश की अखंडता, एकता और सुरक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे- इंद्र प्रताप तिवारी

परशुराम महिला महाविद्यालय तारुन बाजार से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ने किया नेतृत्व

बलराम मौर्य बालजी हिन्दी दैनिक
तारून, अयोध्या l परशुराम महिला महाविद्यालय, तारुन बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू तिवारी ने किया। यात्रा की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई, जो ब्लॉक मुख्यालय होते हुए संपूर्ण बाजार में घूमी और लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। हर कोई हाथों में तिरंगा लिए ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस तिरंगा यात्रा का आयोजन विशेष रूप से कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत शहीद हुए जवानों के अदम्य साहस को याद करते हुए किया गया। पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू तिवारी ने इस अवसर पर कहा,”हमारा देश अनेक बलिदानों की नींव पर खड़ा है। हमारे सैनिकों का साहस और नागरिकों की कुर्बानी कभी भुलाए नहीं जा सकते। आज की तिरंगा यात्रा न केवल एक श्रद्धांजलि है, बल्कि यह यह भी संदेश देती है कि हम सब एकजुट हैं, और देश की अखंडता, एकता और सुरक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।”
पूर्व विधायक ने कहा कि यह यात्रा हमारे देश की संस्कृति, वीरता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने छात्र छात्राओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के निर्माण में भागीदारी निभाएं और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। कार्यक्रम की शुरुआत में परशुराम महिला से इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करना है।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ-साथ स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली। यात्रा के समापन पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इंद्र प्रताप तिवारी ने कहा, “हमारे वीर सैनिकों का साहस हमें प्रेरणा देता है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमारे जांबाजों ने देश की रक्षा करते हुए जो बलिदान दिया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। हमें ऐसे सपूतों पर गर्व है। यह यात्रा उनके प्रति हमारा नतमस्तक सम्मान है।” इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत सदस्य, और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। सभी लोगों में खासा उत्साह देखा गया। सम्पूर्ण तारुन बाजार देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। यह यात्रा न सिर्फ एक आयोजन थी, बल्कि देश के प्रति सम्मान और शहीदों के लिए श्रद्धा का जीवंत प्रमाण बनी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button