योग ही जीवन जीने की कला है – पुरुषोत्तम कश्यप
विश्व योग दिवस पर आरसेटी में हुआ योगाभ्यास


बलराम मौर्य / बालजी हिंदी दैनिक
अयोध्या | विश्व योग दिवस के अवसर पर बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (बड़ौदा आरसेटी), अयोध्या में भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निदेशक श्री पुरुषोत्तम कश्यप, FLCC प्रतिनिधि श्री देवेंद्र सिंह, समस्त आरसेटी स्टाफ एवं सभी प्रशिक्षु सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत योगासन एवं प्राणायाम सत्र से हुई, जिसमें विभिन्न योग मुद्राओं और श्वास तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षुओं ने तन-मन की एकाग्रता को अनुभव करते हुए योग की उपयोगिता को आत्मसात किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री पुरुषोत्तम कश्यप ने कहा कि “योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करता है और व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास व अनुशासन प्रदान करता है। हर युवा को योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है जिसे आज पूरा विश्व अपनाने लगा है। आरसेटी में स्वरोजगार प्रशिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। FLCC के श्री देवेंद्र सिंह ने भी योग का मार्गदर्शन करते हुए प्रशिक्षुओं को नियमित योग की प्रेरणा दी और इसके वैज्ञानिक लाभों को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर योग दिवस को सफल बनाने में प्रशिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं सभी प्रशिक्षुओं का सराहनीय सहयोग रहा।





