श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नहर में गिरने से 11 लोगों की मौत,परिवार में छाया मातम

सीएम योगी ने जताया शोक
अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा । जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रही बोलेरो गाड़ी सरयू नहर में गिर गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। बोलेरो में 15 लोग सवार थे, जिनमें से ज्यादातर एक ही परिवार के थे। हादसे के वक्त कार ओवर स्पीड में होना बताया जा रहा है। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं। मरने वालों में बीना उम्र 40 वर्ष, काजल, उम्र 22 वर्ष, महक उम्र 17 वर्ष, रामकरण गुप्ता उम्र 36 वर्ष, अनसुईया उम्र 34 वर्ष, सौम्या उम्र 9 वर्ष, शुभ उम्र 7 वर्ष, दुर्गेश नंदिनी उम्र 35 वर्ष, अमित उम्र 14 वर्ष , संजू उम्र 26 वर्ष ,अंजू उम्र 20 वर्ष। तथा घायलों में पिंकी उम्र 19 वर्ष , सत्यम उम्र 14 वर्ष, राम ललन उम्र 22 वर्ष, चालक सीता शरण उम्र 32 वर्ष। स्थानीय लोगों ने बोलेरो नहर में गिरती देख बचाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी के गेट लॉक हो गए थे। बमुश्किल खिड़की का शीशा तोड़कर 4 लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लोगों को बाहर निकालकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। शासन द्वारा मरने वालों को सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। एक ग्रामीण नें बताया कि सभी थाना मोतीगंज अंतर्गत सीहा गांव के रहने वाले थे। बोलेरो में सीहा गांव के मेवालाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रहलाद कशौधन का परिवार और उनके रिश्तेदार थे। सुबह 9 बजे सभी पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए निकले थे कि अलावल देवरिया परासराय मार्ग स्थित ग्राम पंचायत बेलवा बहुता के रेहरा गांव के समीप यह घटना घटित हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद से ही परिवार में शोक की लहर है। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।





