नगराम थाने में 1206 लीटर अवैध कच्ची शराब का विनिष्टीकरण, 137 अभियोगों की संपत्ति नष्ट

नगराम। लखनऊ, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1206 लीटर अवैध कच्ची शराब का विनिष्टीकरण/निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई नगराम थाना में वर्ष 2021 से 2024 तक दर्ज 137 अभियोगों के तहत जब्त की गई शराब के संदर्भ में की गई।
इस विनिष्टीकरण अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस आयुक्त दक्षिणी श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त मोहल्लालगंज श्री रजनीश वर्मा तथा नगराम थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी मौजूद रहे। अभियान श्रीमान पुलिस आयुक्त लखनऊ श्री अमरेन्द्र कुमार सागर के निर्देशन व पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के माल निस्तारण अभियान के तहत चलाया गया।उल्लेखनीय है कि यह शराब पूर्व में पुलिस द्वारा बरामद कर थाना मालखाने में रखी गई थी। न्यायालय के आदेश के पश्चात अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ के निर्देश पर गठित समिति की उपस्थिति में नियमानुसार विनिष्टीकरण की प्रक्रिया सम्पन्न की गई। इस दौरान हर एक प्रकरण से संबंधित शराब को चिन्हित कर फोटो दस्तावेजों के साथ नष्ट किया गया।निस्तारित शराब की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। पूरी प्रक्रिया को मीडियाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया।





