सिटी स्टेशन के करीब प्लाट पर खड़ी कार से बैटरी व चारों टायर चोरी

ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय
सीतापुर(ब्यूरो)। शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बीती रात चोरों ने सिटी स्टेशन के निकट मरकज़ की ज़मीन पर खड़ी एक कार को निशाना बनाते हुए उसकी बैटरी और चारों टायर उड़ा लिए। घटना की जानकारी सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्दही टोला निवासी मोहम्मद शरीफ़ पुत्र रफ़ीक अहमद की फोर्ड फिगो कार (UP32 GL 9790) रात में मरकज़ की ज़मीन पर पार्क की गई थी। सुबह जब वह कार लेने पहुंचे तो देखा कि कार ज़मीन पर ईंटों के सहारे खड़ी थी और बैटरी समेत चारों टायर गायब थे। घटना की सूचना पाते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। मोहल्ले के निवासी इमरान ने बताया कि “पिछले कुछ महीनों से छोटी-बड़ी चोरियों की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे आम जनता में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं एक अन्य निवासी संजीव ने कहा कि अगर पुलिस गश्त नियमित होती तो चोर इस तरह खुलेआम चोरी करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। पीड़ित मोहम्मद शरीफ़ ने कोतवाली सदर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।





