साहित्य सृजन संस्थान द्वारा तहसीलदार की उपस्थिति में बच्चों को निःशुल्क वितरित की गईं पाठ्य पुस्तकें

ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय
बिसवां ( सीतापुर ) :- शैक्षिक, सामाजिक, साहित्यिक सरोकारों को समर्पित अ. भा. संस्था ‘साहित्य सृजन संस्थान’ द्वारा क्षेत्र बच्चों के शैक्षिक विकास के लिए बिसवां में निकट पशु चिकित्सालय, तहसील रोड पर स्थापित ‘सृजन पुस्तकालय’ में ( हाई स्कूल इंटर के छात्र छात्राओं को) निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी एवं स्कूल बैग उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार बिसवां, उमाशंकर त्रिपाठी उपस्थित रहे।
संस्थान द्वारा उन्हें अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न एवं साहित्यिक पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि की मौजूदगी में बदालपुरवा बिसवा निवासी कृष्णा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा मीनू को समाजसेवी सौरभ बंसल के हाथों उनकी पाठ्यक्रम की पुस्तकें, स्टेशनरी और स्कूल बैग प्रदान किया गया। और कृष्णा देवी गर्ल्स कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा जुवेरिया इस्लाम को समाजसेवी उबैद बदर के हाथों उनकी पाठ्यक्रम की पुस्तकें, स्टेशनरी और स्कूल बैग उपलब्ध कराया गया।
इसी क्रम में कुछ अन्य बच्चों को भी उनकी स्कूल किट वितरित की गई।
इस अवसर उमाशंकर त्रिपाठी जी ने अपने संबोधन में कहा कि
पुस्तकालय ज्ञानार्जन, शोध और अन्वेषण का महत्वपूर्ण स्थल होते हैं। पुस्तकालय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हैं और एक प्रबुद्ध पाठक वर्ग का निर्माण करते हैं। यही प्रबुद्ध पाठक वर्ग जिम्मेदार नागरिक की भूमिका में समाज की दिशा और दशा तय करता है। सृजन पुस्तकालय का यह प्रयास सराहनीय है। हमारी शुभकामनाएं और भरपूर सहयोग संस्थान को सदैव सुलभ रहेगा।
संस्थान के संस्थापक/अध्यक्ष साहित्यकार संदीप मिश्र सरस ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष क्षेत्र के मेधावी जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बुक किट उपलब्ध कराई जाती है। ये बच्चे अपनी मेधा के बल पर सफलता अर्जित करके बिसवां का नाम पूरी दुनिया में जब रोशन करेंगे तो हमारे संस्थान का संकल्प सार्थक हो जाएगा।
कार्यक्रम में कृष्णा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य लक्ष्मी देवी, उप प्रधानाचार्य उषा अवस्थी, श्री राम चंपा देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश शुक्ल, गंगा स्वरूप मिश्र, गोलू शुक्ला, मनोज गुप्त एडवोकेट एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पुस्तकालय में विभिन्न भाषाओं की साहित्यिक, ऐतिहासिक, वैज्ञानिक, दार्शनिक पुस्तकों के साथ-साथ पर्याप्त कंपटीशन बुक्स की व्यवस्था है। प्रतिवर्ष विभिन्न महाविद्यालयों के अन्यान्य शोध छात्र छात्राएं पुस्तकालय द्वारा उपलब्ध पुस्तकों से अपने लघु शोध प्रबंध तैयार करते हैं।
सृजन पुस्तकालय द्वारा समय-समय पर बच्चों को विभिन्न स्कूल, कोचिंग सेंटर में एडमिशन एवं छूट का सहयोग दिलाया जाता है और छात्र-छात्राओं के लिए मोटिवेशनल क्लासेस एवं करियर काउंसलिंग के प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं। अब पुस्तकालय में कंप्यूटर प्रशिक्षण की भी व्यवस्था संचालित हो गई है।





