बाइक सवार लुटेरों ने महिला से सोने के जेवर लूटे

दैनिक बालजी एम एम मालवीय
बांगरमऊ, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के माढा़पुर मार्ग पर अज्ञात बाइक सवार लुटेरे ने दिन दहाड़े महिला से सोने के जेवर लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद लूटेरा बाइक से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। नगर के मोहल्ला कटरा निवासी रामकिशोर की पत्नी सीमा द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा गया है कि गत 4 अक्टूबर को वह ग्राम गगेहरा जाने के लिए माढा़पुर मार्ग खडी़ थी। तभी एक युवक ई रिक्शा लेकर निकला। सीमा ने रिक्शा चालक से कहा कि उसे गंगेहरा जाना है। चालक सीमा को ई-रिक्शा पर बैठाकर चल दिया । बकौल सीमा कल्याणी नदी पुल पार करने के बाद रिक्शा चालक ने उसे जबरदस्ती रिक्शे से नीचे उतार दिया। तब सीमा सड़क के किनारे खड़ी होकर किसी वाहन का इंतजार करने लगी। तभी एक बाइक सवार उधर से निकला। उसने सीमा से पूछा तुम्हें कहां जाना है ? सीमा ने कहा गगेहरा। बाइक सवार ने कहा कि मैं गंगेहरा ही जा रहा हूं। मेरे साथ चलो मैं छोड़ दूंगा । यह सुन कर सीमा बाइक पर सवार हो गई । थोड़ी दूर चलने के बाद बाइक सवार ने जानबूझकर बाइक पलटा दी। जिससे सीमा सडक पर गिर गई। सीमा के गिरते ही बाइक सवार सीमा के कान से सोने के टॉप्स और गले से सोने की चेन झपटकर कर बाइक से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से राहगीरों में दहशत फैल गई है।





