मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो बदमाश बाइक सहित भागने में सफल

दैनिक बालजी एम एम मालवीय
बांगरमऊ, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के हैबतपुर अंडरपास के निकट शनिवार की शाम पुलिस और बाइक सवार तीन बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चलने के दौरान पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी। गोली लगने से जमीन पर गिरते ही पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। जबकि दो बदमाश बाइक सहित भाग निकले। गिरफ्तार बदमाश बीते शुक्रवार को एक किसान से रुपया भरा झोला लूटने में शामिल था।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह के अनुसार उन्हें शनिवार को शाम के समय खास मुखबिर के जरिए पता चला कि बीते शुक्रवार को चंद्रा धर्म कांटा से एक किसान की साइकिल के हैंडल में टंगा रूपयों भरा झोला छीनने वाले बदमाश बाइक से हैबतपुर संपर्क मार्ग से आ रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस और एसओजी संयुक्त टीम ने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के हैबतपुर अंडरपास पर मोर्चा संभाला। तभी तीन लोग बाइक से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। इसपर एक बदमाश ने अपने पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। इसी दौरान एक बदमाश के बांए पैर में गोली जा लगी। गोली लगते ही बदमाश बाइक से नीचे जमीन पर आ गिरा। जबकि दो बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर बाइक सहित भागने में सफल रहे। पुलिस की पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम आकाश पुत्र रिषिकांत निवासी ग्राम काकेरी थाना सांडी जिला हरदोई बताया है। जबकि भागने में सफल रहे बदमाशों के नाम और पता घायल बदमाश का भाई विवेक उर्फ हुआ तथा सोलंकी पुत्र श्याम कुमार निवासी ग्राम कैथौलिया थाना व जिला हरदोई बताया है। पुलिस घायल बदमाश को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। जहां चिकित्सकों द्वारा घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा व 2 जिंदा कारतूस तथा हैबतपुर निवासी किसान से बीते शुक्रवार को लूटे गए 7200 रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ उन्नाव, सीतापुर, हरदोई फतेहपुर तथा शाहजहांपुर सहित कई जिलों में चोरी, लूट व जहर खुरानी के मुकदमे दर्ज हैं।





