मोहनलालगंज विकास खण्ड की पंचायत के तीन गांवों में विकास कार्यों का लोकार्पण, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ल ‘विंध्येश्वरी’ ने की शुरुआत

मोहनलालगंज। लखनऊ मोहनलालगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत सुल्सामऊ में विकास की रफ्तार तेज हो गई है। सोमवार को ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ल ‘विंध्येश्वरी’ ने पंचायत के तीन गांवों में संपन्न हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भारी संख्या में ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।इस अवसर पर ललूमर गांव में डामर रोड से निशा सिंह के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसका विधिवत उद्घाटन किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से अब वर्षा ऋतु में कीचड़ और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय मीनापुर और प्राथमिक विद्यालय हिलगी में बच्चों की पेयजल समस्या के समाधान हेतु वाटर कूलर लगाए गए हैं। इससे अब बच्चों को शुद्ध और ठंडा पेयजल मिल सकेगा।प्रधानाध्यापक विमल किशोर ने बताया कि मीनापुर विद्यालय में गर्मी के मौसम में बच्चों को पेयजल की भारी समस्या का सामना करना पड़ता था। यह मुद्दा ब्लॉक प्रमुख के संज्ञान में लाया गया, जिस पर तुरंत संजीदगी से कार्रवाई करते हुए वाटर कूलर की व्यवस्था की गई।इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ल ‘विंध्येश्वरी’ ने कहा, “हमारा उद्देश्य शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत क्षेत्र के लगभग हर विद्यालय में स्थायी रूप से वाटर कूलर लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि छात्रों को हर मौसम में स्वच्छ और ठंडा पानी मिल सके।उन्होंने आगे कहा कि एक सुगम और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण मिलना भी उतना ही जरूरी है।इस अवसर पर शिक्षिका संध्या देवी, प्रधानाध्यापक सुशील कुमार रस्तोगी शिक्षिका प्रतिभा मिश्रा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साधना श्रीवास्तव, प्रधानपति भगवती यादव, भाजपा कार्यकर्ता श्रीपाल यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक अवधेश पांडेय, सुरजीत पांडेय, विजय पांडेय, लवकुश यादव, ओमप्रकाश शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख का आभार जताते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से आमजन को बड़ी राहत मिली है और क्षेत्र में बदलाव की स्पष्ट झलक दिखाई देने लगी है।





