221 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह क्षण युवाओं के वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण का स्वर्णिम परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं और सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि नई स्टार्टअप नीति राज्य में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से युवा अपने भविष्य को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके अभिभावकों के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं। पहले युवाओं को निराशा मिलती थी, जबकि आज सरकार उन्हें नियुक्ति पत्र सौंप रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि आज से 12 वर्ष पूर्व इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, जो भारतीय राजनीति का एक ऐतिहासिक दिन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है और विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हजारों युवाओं को बिना किसी विवाद और शिकायत के सरकारी नौकरियां मिली हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश में बिना सिफारिश और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्तियां हो रही हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





