
रायपुर: छत्तीसगढ़ के साथ ही दूसरे राज्यों में कांग्रेस लगातार वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर सरकार को घेरने के साथ ही सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है. कांग्रेस के वोट चोरी और SIR के मुद्दे को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है. बुधवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आयोजित पदयात्रा सप्ताह में शामिल हुए. इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला.
जनता को कांग्रेस की बात पर विश्वास नहीं-सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा “विपक्ष के नाते कांग्रेस को कुछ ना कुछ तो करना ही पड़ेगा. लेकिन हम बार-बार कह रहे हैं, अपनी कथनी और करनी से कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है. वो जो बोलते हैं वो करते नहीं हैं. इसलिए जनता अब कांग्रेस की किसी भी बात पर विश्वास नहीं करती. यही वजह है कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है.”
“जीतने पर कोई दोष नहीं हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप”
सीएम ने कहा कि कभी EVM तो कभी चुनाव आयोग को दोषी ठहराते हैं. उसी से जीत कर कांग्रेस सांसद और विधायक भी बनते हैं, उस समय उनको आपत्ति नहीं होती है. लेकिन हारते है तो हार का ठीकरा ऐसे संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ते हैं.कहीं ना कहीं तो कांग्रेस को अपनी खीज उतरनी पड़ेगी.


