
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त और वर्ल्ड लेवल का करने के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(AI), रोबोटिक और अत्याधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने पर स्वास्थ्य महकमा जोर दे रहा है. वहीं राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने को लेकर भी विभाग गंभीर है.
इसी क्रम में राज्य के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) एके सिंह ने बुधवार को राज्य में 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली वाली फाइल पर अपनी सहमति प्रदान कर दी. इन 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों में से 106 विशेषज्ञ चिकित्सक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बहाल होंगे. जबकि 200 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत होगा.
झारखंड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि जल्द ही इस नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित की जाएगी. उन्होंने ईटीवी भारत संवाददाता उपेन्द्र कुमार से फोन पर बातचीत में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विभाग राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश में है. उन्होंने बताया कि 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति से झारखंड के अन्य जिलों में भी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी. जिससे मरीजों को इलाज के लिए रांची या अन्य दूसरे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी होगी.
दूसरे राज्यों से भी चिकित्सक लाने पर गंभीर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि राज्य में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए दूसरे राज्यों खासकर कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों से डॉक्टर को झारखंड लाने की योजना है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन राज्यों का दौरा करेंगे और योग्य चिकित्सकों को झारखंड आकर सेवा देने के लिए आग्रह करेंगे.


