उत्तर प्रदेशउन्नाव

शुक्लागंज में बिजली विभाग की लापरवाही से हादसे का खतरा, भवन की शटरिंग से बांधी गई विद्युत लाइन

दैनिक बालजी / ब्यूरो

शुक्लागंज (उन्नाव)। गंगाघाट क्षेत्र के रविदास नगर, पोनी रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पास बिजली विभाग की कथित लापरवाही स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि टूटे हुए विद्युत खंभे को बदलने के बजाय विभाग ने 220 वोल्ट की विद्युत केबल को पास की एक बिल्डिंग की शटरिंग से बांध दिया है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले यह विद्युत लाइन एक खंभे के सहारे सुरक्षित रूप से संचालित हो रही थी, लेकिन खंभा क्षतिग्रस्त होकर गिर जाने के बाद विभाग द्वारा नया खंभा लगाने के बजाय अस्थायी व्यवस्था कर दी गई। लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा मानकों के विपरीत है और विशेष रूप से बरसात के मौसम में करंट फैलने या शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता, मगरवारा को लिखित शिकायत देकर नया खंभा लगवाने तथा विद्युत लाइन को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने की मांग की थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मकान मालिक ने भी चिंता जताते हुए कहा कि यदि शटरिंग से बंधी विद्युत लाइन के कारण कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी। उनका कहना है कि विभाग की यह लापरवाही आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मामला मीडिया में आने के बाद संबंधित अधिकारी संज्ञान लेंगे और जल्द से जल्द नया खंभा लगाकर विद्युत लाइन को सुरक्षित कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button