उप मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त कर पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास की ओर अग्रसर – उप मुख्यमंत्री
अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा 12 जुलाई 2025 – शनिवार को उत्तर प्रदेश के मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने गोंडा आकर मा0 केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह जी के मनकापुर कोट स्थित आवास पर पहुंचकर उनके स्वर्गीय पूज्य पिताश्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद श्री आनंद सिंह जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस दुःखद समय में शोकसंतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रभु श्रीराम जी से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ संवाद किया एवं मनकापुर विकासखंड परिसर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग सहित कई विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के द्वारा बनाए गए अरगा ब्रांड के उत्पादों की जमकर सराहना की। इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने जनपद के सभी मीडिया बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां के बारे में जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी के मार्ग दर्शन में प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। सरकार के द्वारा लगातार विकास कार्य किया जा रहा है। जनपद गोंडा में भी बहुत सारे विकास कार्य हुये हैं जिससे गोंडा की तस्वीर पहले से काफी बदली हुई है। गोंडा सहित पूरे प्रदेश में कानून का राज कायम है। कोई भी माफिया या भ्रष्टाचारी अब कानून की नजर से बच नहीं सकता है। जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा उसके खिलाफ सरकार सख्ती से निपटेगी।
इस दौरान मा0 विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, मा0 विधायक विनय कुमार द्विवेदी, भाजपा के जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।





