उत्तर प्रदेशसीतापुर

डीएम ने धान क्रय केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय 
सीतापुर जनपद के  जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति सीतापुर स्थित धान क्रय केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के विषय में भी जानकारी ली तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। मण्डी समिति गेट पर व मण्डी परिसर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि किसानों से सम्पर्क कर अधिक से अधिक कृषक पंजीकरण करायें। क्रय केन्द्रों पर किसानों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। बोरों की उपलब्धता/सिलाई मशीन इत्यादि भी केन्द्रों पर उपलब्ध रहे। केन्द्र प्रभारी निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से केन्द्र पर उपस्थित होकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करायें। जनपद की मंडियों में किसानों द्वारा लाए गये धान की नमी की जांच कर धान क्रय करना सुनिश्चित करें। यदि कृषक पंजीकरण सत्यापन में कहीं भी समस्या आ रही हो तो सम्बन्धित उपजिलाधिकारी/जिला खाद्य विपणन अधिकारी सीतापुर से सम्पर्क कर निराकरण कराया जायें।
जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिये कि सभी केन्द्र प्रभारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि वह आस-पास के कृषकों से सम्पर्क स्थापित करते हुए, उन्हंे अपना धान विक्रय करने हेतु प्रोत्साहित करें ताकि उन्हें मूल्य समर्थन योजना का लाभ मिल सकें। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, क्रय संस्था पी.पी.एफ., पी.सी.यू. एवं यू.पी.एस.एस. के धान खरीद की नियमित समीक्षा की जाएं तथा खरीद में अपेक्षित प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप धान क्रय किया जाना सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने सभी केन्द्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया कि समस्त प्रकार के अभिलेख अद्यतन रखे जायें। क्रय केन्द्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये तथा आवश्यकतानुसार टोकन सुविधा का भी प्रबंध किया जाये। किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। उन्होंने कहा कि मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान क्रय शासन की प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी उदय प्रताप सिंह सिसौदिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button