मैनपुरी-करहल मार्ग पर मिनी बस और डंपर में भिड़ंत, चालक समेत पांच घायल

उमाकांत बाथम संवाददाता मैनपुरी
मैनपुरी-करहल मार्ग पर ग्राम रतिभानपुर के पास मिनी बस और डंपर की टक्कर में बस चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी बस संख्या UP 93 T 4033 मैनपुरी से करहल की ओर जा रही थी। ग्राम रतिभानपुर के पास सामने चल रहे डंपर संख्या UP 75 CT 4188 में बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में बस चालक शिशुपाल पुत्र रणवीर निवासी नगला डॉडी, थाना करहल तथा सवारी नव्या पुत्री संतोष (15 वर्ष) निवासी राजमऊ, थाना बकेवर, जिला इटावा; अमलेशा देवी पत्नी रामवीर (55 वर्ष) निवासी अंडनी, थाना करहल; संध्या पत्नी प्रदीप (30 वर्ष) निवासी हुलसी, जिला इटावा और सरोज पत्नी मिलाप सिंह (55 वर्ष) निवासी सुजानपुर, थाना एलाऊ, जिला मैनपुरी घायल हो गईं।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





