भूतपूर्व प्रधान ने बंद कराई सरकारी नाली, जमा पानी से फैल रही दुर्गंध


संदीप बिक्रम सिंह/ बालजी दैनिक
तारुन, अयोध्या। थाना क्षेत्र के एक गांव में सरकारी नाली को बंद करने का आरोप ग्राम वासियों ने भूतपूर्व प्रधान पर लगाया है। मामला विकासखंड तारुन अंतर्गत ग्राम में पंचायत तारुन के मजरे सराय शेख महमूद गांव का है। यहां गांव को जाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़क के किनारे ग्राम पंचायत निधि से सरकारी नाली का निर्माण किया गया है। जिसमें जनार्दन सिंह, आशा सिंह, सुरेंद्र शर्मा, राजेश सिंह, राकेश सिंह, सुखलाल शर्मा, राजेंद्र सिंह आदि के घरों के नापदान का पानी इसी नाली में बहता है। उक्त ग्रामवासियों का आरोप है कि भूतपूर्व प्रधान रहे चुन्नीलाल शर्मा अपने घर के सामने नाली को पूरी तरह से बंद कर दिए हैं। जिसके कारण पानी का बहाव ना होने से नाली में ही पानी जमा हुआ है। इसके जमा होने से दुर्गंध फैल रही है, और संक्रामक बीमारियों के फैलने का अंदेशा है। यह समस्या लगभग 1 साल से बनी हुई है। इससे प्रभावित घरों के लोगो का कहना है कि तहसील प्रशासन बीकापुर तथा आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई थी। परंतु संबंधित जांच अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया जाता है। ऐसे में यदि बंद नाली की समस्या का निराकरण संबंधित जिम्मेदारों द्वारा जल्द से जल्द नहीं किया गया तो ग्राम वासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इससे लोगों को निजात नहीं मिला तो मारपीट की नौबत भी आ सकती है। एडीओ पंचायत हुसैन फारुकी ने बताया कि जल्द ही मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।





