2025 – 26 सत्र के परीक्षा आवेदन की ऑनलाइन तिथि 25 अक्टूबर से 11 नवम्बर 2025 तक

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा जारी पत्र के निर्देशानुसार समस्त छात्र/छात्राओं को सूचित किया जाता है कि एनईपी-2020 अन्तर्गत स्नातक (बीए/बीएससी/ बीकाम) तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा परास्नातक (एमए/ एमएस-सी/एमकाम) तृतीय सेमेस्टर (आवासीय एवं महाविद्यालयीय) की सत्र 2025-2026 की परीक्षा के लिए आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भराया जाना है। छात्र/छात्राओं द्वारा आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि 25 अक्टूबर से 10 नवंबर 2025 निर्धारित है। छात्र/छात्राओं द्वारा आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र महाविद्यालय में जमा करने की तिथि 25 अक्टूबर से 11 नवंबर 2025 तक एवं आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र को संशोधित करने एवं परीक्षा आवेदन पत्र को सत्यापित करने की तिथि 25 अक्टूबर 2025 से 12 नवम्बर 2025 तक निर्धारित की गई है। परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि यदि कोई महाविद्यालय निर्धारित कार्यक्रमानुसार परीक्षा आवेदन पत्र सत्यापित नहीं करते है तो उसकी समस्त जिम्मेदारी सम्बन्धित महाविद्यालय की होगी एवं ऐसे छात्र/छात्राओं को परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जायेगी। छात्र/छात्राओं हेतु आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया के तहत छात्र/छात्रा आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.rmlauexams.in पर भरेंगे।
छात्र/छात्रा प्रिंट किये गये आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र की दो प्रतियों पर हस्ताक्षर करने के उपरान्त महाविद्यालय में उपरोक्त निर्धारित समय सीमा में एक प्रति जमा करना सुनिश्चित करेंगें तथा एक प्रति अपने पास सुरक्षित रखेंगे। यदि किसी छात्र/छात्रा के परीक्षा आवेदन पत्र को पूरित करते समय कोई त्रुटि हो जाती है तो सम्बन्धित छात्र/छात्रा ऐसी दशा में अपने आवेदित परीक्षा आवेदन पत्र का महाविद्यालय के स्तर से संशोधन कराना सुनिश्चित करेंगें। महाविद्यालयों को आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्रों को सत्यापित / वेरीफाई करने से सम्बन्धित प्रक्रिया के तहत करना होगा। यदि किसी छात्र/छात्रा के परीक्षा आवेदन पत्र में कोई त्रुटि है तो ऐसी दशा में सम्बन्धित महाविद्यालय द्वारा छात्र/छात्रा के परीक्षा आवेदन पत्र को संशोधित करने के उपरान्त ही महाविद्यालय परीक्षा आवेदन पत्र को सत्यापित किया जायेगा। यदि किसी महाविद्यालय द्वारा त्रुटिपूर्ण परीक्षा आवेदन पत्र सत्यापित किया जाता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी सम्बन्धित महाविद्यालय एवं छात्र/छात्रा की होगी। महाविद्यालय आनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र से सम्बन्धित छात्रों की सत्यापित सूची परीक्षा विभाग में जमा कराना सुनिश्चित करें। प्रथम सेमेस्टर से सम्बन्धित छात्र/छात्राओं के आनलाइन परीक्षा आवेदन फार्म भराये जाने के लिए अलग से अधिसूचना अतिशीघ्र निर्गत की जायेगी।





